- मध्य प्रदेश Post by Admin on 21-08-2022 09:08:54pm
भिण्ड, मध्यप्रदेश / भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ रमेश दुबे ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि मध्यप्रदेश की जनहितैषी सरकार सदैव से समाज के चौथे स्तम्भ को सम्मान की दृष्टि से देखती हैं एवं जनहित के मुद्दों को प्रकाश में लाने के उनके जज्बे को सलाम करती है, भिण्ड में दवोह थाना क्षेत्र में बीमार मरीज को ठेले पर ले जाने की ख़बर को अगर पत्रकारों ने शासन प्रशासन की नजर में लाया तो क्या गलत किया, ये कोई अपराध की श्रेणी में तो आता नहीं है, और ना हीं इस खबर से कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होती। डॉ दुबे ने कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है और किसी के गैर जिम्मेदाराना कृत्य को दबाकर पत्रकारों को झूठा साबित करना घोर अनुचित है, अगर इस खबर में प्रशासन को असत्यता लगी तो नोटिस देकर भी बात रखी जा सकती थी। डॉ दुबे ने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच एवं बिना नोटिस दिए पत्रकार बन्धुओं पर मामला दर्ज करवाने की ये कार्यवाही चिंता का विषय है, पत्रकार भारतीय लोकतंत्र में चौथे स्तम्भ के रूप में विद्यमान एवं सम्मानित हैं,उनका सम्मान रखने की बजाय उन पर मुकद्दमा दर्ज करना उचित प्रतीत नही होता। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पत्रकारों के हितों, अधिकारों एवं उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ दुबे ने कहा कि उक्त मामले में पत्रकारों पर लगाये मुकद्दमों पर प्रशासन तुरंत खात्मा रिपोर्ट लगाए एवं जिन अधिकारियों ने खुद की लापरवाही उजागर होने के भय से पीड़ितों को डरा धमकाकर पत्रकारों को गलत साबित करने का दुष्कर प्रयास किया उस विषय पर गम्भीरता से जांच होना चाहिए।

