परिषद संस्कारित समाज के लिए प्रतिबद्ध - जैन

भिंड [ मुकेश मिश्रा ]भारत विकास परिषद एक ऐसे संस्कारित समाज के निर्माण के लिए कृतसंकल्पित है जिसमें कभी किसी को सेवा की आवश्यकता ही न पड़े। जहां अन्य सामाजिक संगठन सेवा के इर्द-गिर्द कार्य करते हैं वही परिषद समाज में इतने अच्छे संस्कार पहुंचाना चाहता है जिससे कि सभी वर्ग संपन्न एवं खुशहाल रहें और किसी को सेवा की आवश्यकता ना पड़े। परिषद के पांच सूत्रों की व्याख्या करते हुए भारत विकास परिषद मध्य भारत उत्तर प्रांत सेंट्रल रीजन के महासचिव मुरैना से पधारे श्री अमित जैन ने यह उदगार कहे। अवसर था भारत विकास परिषद शाखा भिंड के दायित्व ग्रहण समारोह का। कल 5 सितंबर की सायं काल बेला में स्थानीय कृष्णा मैरिज गार्डन में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मोहन आनंद जी महाराज के मुख्य आतिथ्य में यह दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। महाराज श्री ने अपने आशीर्वचन में परिषद के कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की एवं सभी को सद्भाव एवं सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ अनिल गोयल ने सभागार में उपस्थित समस्त गणमान्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति संकल्प दिलाया। डॉ गोयल ने कहा कि परिषद अनेक वर्षों से शहर में सफाई एवं सेवा के संदर्भ में अस्पताल के साथ निरंतर कार्य कर रही है। इस कार्यक्रम में नवीन कार्यकारिणी एवं नवीन सदस्यों को शपथ दिलाने का कार्य प्रांतीय पदाधिकारी श्रवण पाठक ने शपथ विधि अधिकारी के रूप में किया। शपथ विधि अधिकारी ने शपथ दिलाने से पूर्व नवीन दायित्व धारियों को उन्हें जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करते हुए स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए समस्त जिम्मेदारी अपने कंधों पर स्वीकार करने का आग्रह किया। इस अवसर पर शाखा संरक्षक डॉ विनोद सक्सेना, डॉ केएन शर्मा ने मंचासीन रहते हुए नवीन दायित्व धारियों को संबोधित किया और उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सामूहिक वंदे मातरम का गायन हुआ एवं प्रबुद्धप्रताप और यूवराज द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। बटिया साक्षी पाठक द्वारा राष्ट्र की जय चेतना का गान वंदे मातरम नामक गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद निवर्तमान सचिव धीरज शुक्ला ने विगत 2 वर्षों के कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में शिक्षक दिवस के अवसर पर परिषद के ही सदस्य मोहम्मद शकील को जिन्हें पिछले दिनों राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से नवाजा गया है, उन्हें मंच से पुनः सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ राम लखन शर्मा आजाद, भूरे लाल शर्मा, डॉ मोहन दास तिवारी, श्रीमती विमला गुप्ता हो जीवन पर्यंत उत्कृष्ट शिक्षा सेवाएं देने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ साकार तिवारी एवं संयोजक गणेश भारद्वाज ने किया। *आपने किया दायित्व ग्रहण -* कमलेश सेथिया शाखा अध्यक्ष, डॉक्टर साकार तिवारी शाखा सचिव, रामवीर परिहार कोषाध्यक्ष, धीरज शुक्ला उपाध्यक्ष, डॉ हिमांशु बंसल स्वास्थ्य प्रकल्प , गणेश भारद्वाज गुरु वंदन छात्र अभिनंदन प्रकल्प संयोजक, मनोज दीक्षित राष्ट्रीय समूह गान, शैलेंद्र शर्मा भारत को जानो, सुरेश बरुआ वीरेंद्र जोशी समग्र ग्राम विकास संयोजक। इस अवसर पर शाखा के समस्त सदस्य परिवार सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment