- Post by Admin on 06-05-2021 06:42:38pm
भिण्ड। जिला अस्पताल के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों का हाल जानने के लिए विधायक संजीव सिंह पुन: नम्बर एक स्कूल परिसर में बने कोविड सेंटर पर जाकर सीधे मरीजों से हालचाल लिया और मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही अस्पताल परिसर के बाहर बने सेवा भारती कोरोना हेल्प डेस्क पर उन्होंने मरीजों की दी जा रही गाइडलाइनों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक संजीव सिंह ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को हिम्मत व ढांढस बंधाने के लिए तथा अस्पताल में उन्हें दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए मरीजों से बात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने मरीजों से कहा कि वह कोरोना से लड़ाई में हिम्मत न हारें, समय से दवाइयां लें। स्वास्थ्य टीम द्वारा दी जा रही कोरोना गाइड लाइन का पालन करें। विधायक संजीव सिंह ने कोविड सेंटर पर जाकर भर्ती मरीजों से बात की। मरीजों ने खुलकर विधायक को अपनी बात बताई तथा कुछ व्यवस्थाएं ठीक कराने को कहा। विधायक संजीव सिंह ने सीएमएचओ डॉ. अजीत मिश्रा से बात कर व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराने के निर्देश दिए एवं उन्हें हिम्मत बंधाते हुए जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। विधायक श्री सिंह ने कोविड वार्ड में मरीजों की सेवा कर रही स्वास्थ्य टीम से भी बात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने सभी मेडिकल स्टाफ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे लोग पूरे मनोयोग से कोरोना के खिलाफ लड़ाई में डंटे रहें और मरीजों को हर संभव सुविधा दें जिससे लोगों की जान बचाई जा सके।
